चक्रवाती तूफान को लेकर चंदौली में अलर्ट, तेज हवा के साथ बारिश की आशंका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

24 घंटे सक्रिय रहेगा आपदा कंट्रोल रूम, आपात स्थिति में 1077 और 262100 पर करें संपर्क
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के संभावित प्रभाव को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सातों दिन सक्रिय कर दिया गया है। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग पालियों में ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

जिलाधिकारी ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और नगर निकाय समेत सभी विभागों को मुख्यालय पर अलर्ट रहने तथा जरूरी संसाधनों और राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों से दूरी बनाए रखें। किसी भी दुर्घटना या जलभराव की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

आपातकालीन सहायता के लिए प्रशासन ने 1077 और 262100 नंबर जारी किए हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

संवाददाता- अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]