मुगलसराय, चंदौली। सरकारी विभागों में टेंडर दिलाने का झांसा देकर एक व्यापारी से 1.53 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अशोक कुमार जायसवाल ने निखिल कुमार चटर्जी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने रेलवे, सीआईएसएफ समेत कई सरकारी संस्थानों में ठेका दिलाने का भरोसा दिया था। इसके लिए सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के फर्जी ऑर्डर और अधिकारियों के नाम से ईमेल भेजकर विश्वास में लिया गया। आरोप है कि अलग-अलग समय पर उनसे करीब 1.53 करोड़ रुपये ले लिए गए, लेकिन न तो टेंडर मिला और न ही रकम वापस की गई।
पीड़ित का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसको लेकर उन्होंने एसपी आकाश पटेल से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जांच के लिए एएसपी सदर विक्रम दहिया के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है।
सीओ डीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। एसआईटी साक्ष्य जुटा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









