मैनपुरी। कस्बा नवीगंज के तरावा देव टोल प्लाजा पर गुरुवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ ‘जय भीम-जय संविधान’ के नारे लगाए और उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान सांसद चंद्रशेखर आजाद ने युवाओं और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन बेहद अनमोल है और सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और सुरक्षित यात्रा करें।
इस मौके पर निर्मल, रिंकू, प्रदीप कुमार, अमरपाल सिंह, प्रेमपाल और सनी प्रताप सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








