मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के ग्राम मदन निवासी सोनपाल की पुत्री प्रीति की फिरोजाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। प्रीति फिरोजाबाद के एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। उनकी मांग है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मृतका के भाई रोहित कठेरिया ने थाना मटसेना पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष का बेटा यश दक्ष उसकी बहन पर गलत संबंध बनाने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी देता था। इस संबंध में प्रधानाचार्य से कई बार शिकायत की गई थी।

तहरीर के मुताबिक, 27 अक्टूबर की रात यश दक्ष ने प्रीति को हॉस्टल से बाहर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि विरोध करने पर पिता-पुत्र ने उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
28 अक्टूबर की सुबह कॉलेज की ओर से परिजनों को मौत की सूचना दी गई। बाद में शव पोस्टमार्टम गृह में होने की जानकारी मिली। पोस्टमार्टम के बाद परिजन रिपोर्ट आने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
सूचना पर औंछा थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्टर- सत्येंद्र कुमार








