हरिद्वार। शुक्रवार को खराब मौसम के बावजूद दंडवत यात्रा में देशभर से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दक्षेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को नया उदासीन अखाड़े के महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह दो दिवसीय यात्रा नया उदासीन अखाड़े से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हर की पौड़ी पर समाप्त होगी। यात्रा में हर आयु वर्ग के लोग, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं बड़े उत्साह के साथ दंडवत करते हुए चल रहे थे।
महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव ने कहा कि मौसम खराब होने के बाद भी भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कुंभ 2027 का सकुशल संपन्न होना, सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार और लोगों में धर्म के प्रति जागरूकता लाना है।
यात्रा के समापन पर हर की पौड़ी पर गंगा सफाई अभियान चलाकर पूर्णाहुति की जाएगी।








