हरदोई। संडीला-लखनऊ मार्ग पर तिलोइया के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार काली कार ने सड़क पर जा रही आशा नाम की महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अचानक लगे जाम से सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुराग सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारु कराया।
हालांकि जाम खुलने के बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।








