ऋषिकेश। सुदामा मार्ग स्थित सरिया मार्केट क्षेत्र में GMOU परिसर का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के दौरान एक युवक बाल-बाल बच गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय एक युवक परिसर के बाहर अपनी स्कूटी पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। तभी अचानक छज्जा टूटकर उसी जगह पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि युवक मलबे की चपेट में आने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि, छज्जा गिरने से नीचे खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल और दीवार पर लगा मोबाइल शॉप का बोर्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों ने परिसर के रखरखाव पर सवाल उठाते हुए प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर नियमित रूप से रकम वसूली जाती है, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं कराई जाती। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना के बाद दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रभावित लोगों ने परिसर प्रबंधन से नुकसान का हर्जाना देने और भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
संवाददाता- सागर रस्तोगी
लोकेशन- ऋषिकेश |









