पुलिस के अनुसार, बीते 29 अक्टूबर को बड्डूपुर थाना क्षेत्र से नितेश मौर्य को कार में बैठाकर अगवा किया गया था। इसके बाद उसे सीतापुर जिले के पिसावां क्षेत्र में ले जाया गया, जहां गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और स्वाट तथा सर्विलांस टीम को भी लगाया।
जांच के दौरान सामने आया कि पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में मनोज मौर्य ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए पांच लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। पुलिस ने 31 अक्टूबर को भोगली पुलिया के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के खुलासे में स्वाट, सर्विलांस और बड्डूपुर थाना पुलिस की अहम भूमिका रही। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









