अमेरिका-चीन में तेज हुआ चिप वॉर, 5 देशों को AI चिप भेजने पर लाइसेंस जरूरी, एआई इंडस्ट्री पर मंडराया संकट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिका और चीन के बीच चल रही चिप की जंग अब और गहरी हो गई है। चीन तक एडवांस्ड AI चिप पहुंचने का रास्ता बंद करने के लिए अमेरिका ने पांच देशों को होने वाले चिप निर्यात पर शिकंजा कस दिया है। इस फैसले का असर दुनियाभर की एआई इंडस्ट्री पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

अमेरिकी वाणिज्य विभाग के ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी (BIS) ने मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर और ब्राजील को भेजे जाने वाले AI चिप के लिए एक्सपोर्ट लाइसेंस जरूरी कर दिया है। कुछ तय श्रेणी के निर्यात इस दायरे से बाहर रखे गए हैं। यानी यह पूरी तरह रोक नहीं, बल्कि मंजूरी की शर्त है।

आखिर क्यों उठाया गया कदम

अमेरिकी नियमों के तहत चीनी कंपनियां एडवांस्ड अमेरिकी AI चिप सीधे नहीं खरीद सकतीं। लेकिन वे दूसरे देशों में बने डेटा सेंटरों के जरिए यही कंप्यूटिंग क्षमता इस्तेमाल करती रही हैं। नए कदम को इसी कमी को बंद करने की कोशिश माना जा रहा है, ताकि चीनी कंपनियां विदेशी क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के रास्ते अमेरिकी तकनीक तक न पहुंच सकें।

आंकड़े भी इसी ओर इशारा करते हैं। जेफरीज के अनुमान के मुताबिक 2024 की पाबंदियों के बाद से करीब 2.4 लाख Nvidia AI चिप चीन पहुंचे हैं। वहीं इंस्टीट्यूट फॉर प्रोग्रेस का अनुमान है कि सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड ने अलीबाबा और दूसरे चीनी ग्राहकों को करीब 86 हजार GPU किराए पर दिए हैं।

Nvidia पर दोहरा दबाव

इसी बीच अमेरिकी बाजार नियामक SEC के Nvidia के अकाउंटिंग से जुड़े कुछ मामलों की जांच करने की खबरें भी आई हैं। इन खबरों के बाद 20 नवंबर को कंपनी के शेयर 11.5 फीसदी टूट गए।

जेफरीज की 19 नवंबर की “GREED & fear” रिपोर्ट के अनुसार, इन निर्यात पाबंदियों से दक्षिण-पूर्व एशिया में AI इंफ्रास्ट्रक्चर के निवेश में रुकावट आ सकती है। रिपोर्ट का कहना है कि अमेरिका-चीन की तकनीकी होड़ अब नए दौर में पहुंच गई है। साथ ही इससे चीन की अपनी सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता की मुहिम को और रफ्तार मिल सकती है। रिपोर्ट में Nvidia के AI इकोसिस्टम में करीब 61 अरब डॉलर के इक्विटी निवेश और 164.5 अरब डॉलर की लीज गारंटी व क्लाउड क्षमता बैकस्टॉप का भी जिक्र है।

छोटी क्लाउड कंपनियों पर खतरा

AI इंफ्रास्ट्रक्चर की फंडिंग घटी तो उन छोटे क्लाउड प्रोवाइडर्स को चोट पहुंच सकती है जो एडवांस्ड चिप पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं। AI इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी कोरवीव का शेयर पहले ही 25 फीसदी गिर चुका है और उसके बॉन्ड पर यील्ड बढ़कर 15.7 फीसदी पहुंच गई है।

चीन की तैयारी

उधर चीन अमेरिकी तकनीक पर अपनी निर्भरता घटाने में जुटा है। चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, उपकरण और मटीरियल, हर स्तर पर घरेलू क्षमता खड़ी की जा रही है। चिप डिजाइन में HiSilicon, Cambricon और Loongson, मैन्युफैक्चरिंग में SMIC और Hua Hong, उपकरण में Naura और AMEC, जबकि मटीरियल में NSIG और Zhonghuan Semiconductor जैसी कंपनियां इस मुहिम का हिस्सा हैं।

गोल्डमैन सैक्स की सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन रिसर्च के अनुमान के मुताबिक 2025 में चीन का सेमीकंडक्टर उपकरण बाजार करीब 49 अरब डॉलर और मटीरियल बाजार करीब 16 अरब डॉलर का रहा। जानकारों का कहना है कि अमेरिकी पाबंदियां जितनी सख्त होंगी, चीन उतनी ही तेजी से घरेलू विकल्प तैयार करने की कोशिश करेगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]