अमेरिकी रिपोर्ट का दावा: ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान की ढाल बना चीन, भारत को घेरने की कई चालें भी बेनकाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नेशनल डेस्क। ऑपरेशन सिंदूर के वक्त चीन पाकिस्तान के पीछे खड़ा था, यह बात अब अमेरिका की एक रिपोर्ट में भी सामने आई है। अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने उस दौरान पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी मदद दी। रिपोर्ट का मानना है कि एशिया में भारत का बढ़ता कद चीन को खटक रहा है और वह कई मोर्चों पर उसे रोकने की कोशिश में लगा है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार चीन खुद जंग में नहीं उतरा, मगर पर्दे के पीछे से पाकिस्तान को ताकत देता रहा। इस दावे की पुष्टि चीन की तरफ से भी होती दिखती है। चीनी सरकारी मीडिया से बात करते हुए इंजीनियर झांग हेंग ने माना कि वे उस टीम में थे जिसने पाकिस्तान वायु सेना को तकनीकी सहयोग दिया। टीम का काम था J-10CE जैसे लड़ाकू विमानों समेत PAF के उपकरणों को पूरी क्षमता से चलाने लायक बनाना। बताया जा रहा है कि चीन की ओर से इस तरह की मदद की पहली सार्वजनिक स्वीकारोक्ति है। इससे पहले लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह भी कह चुके हैं कि चीन ने पाकिस्तान को भारतीय सेना की तैनाती की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराई थी।

रिपोर्ट चेताती है कि चीन और पाकिस्तान की यह बढ़ती सैन्य नजदीकी भारत के लिए दो मोर्चों पर एक साथ चुनौती खड़ी कर सकती है।

सीमा पर भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हैं। 2024 में पूर्वी लद्दाख में चार साल पुराना गतिरोध खत्म करने पर सहमति बनी थी, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में चीनी सैनिकों से आमना-सामना अब भी हो रहा है। चीन LAC के पास एयरफील्ड, रेलवे और दूसरे ढांचे खड़े कर रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर फौज और साजो-सामान तेजी से पहुंचाया जा सके। हिंद महासागर में भी उसकी नौसेना की मौजूदगी और निगरानी बढ़ी है।

रिपोर्ट में आर्थिक दबाव का भी जिक्र है। इसके मुताबिक चीन ने भारत को कुछ जरूरी सामानों का निर्यात रोका, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े अपने इंजीनियर वापस बुला लिए और उपकरणों की सप्लाई रोक दी। फार्मा कच्चे माल के दाम इतने गिरा दिए गए कि भारतीय कंपनियों के लिए टिकना मुश्किल हो गया। बैटरी तकनीक के निर्यात पर चीन की पकड़ भारत के क्लीन एनर्जी सेक्टर के लिए भी चिंता की वजह बताई गई है।

भारत अपनी सैन्य ताकत और घरेलू उत्पादन बढ़ा रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों में चीनी कंपनियों की भूमिका सीमित कर रहा है। फिर भी रिपोर्ट मानती है कि भारतीय उद्योग अब भी कई चीनी मशीनों और पुर्जों पर निर्भर है। सप्लाई चेन को मजबूत करने में भारी निवेश, नई तकनीक और वक्त लगेगा। रिपोर्ट ने सुझाव दिया है कि भारत और अमेरिका रक्षा तकनीक, समुद्री सुरक्षा, खुफिया सहयोग और मैन्युफैक्चरिंग में मिलकर काम करें, क्योंकि एशिया में चीन को संतुलित करने में भारत की भूमिका अहम है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]