ठूठीबारी/महराजगंज। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने भारत-नेपाल सीमा पर बसे कस्बे ठूठीबारी में बन रहे सुभाष चंद्र बोस इंटरमीडिएट आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और काम की रफ्तार को बारीकी से परखा।
अधिकारियों ने डीएम को बताया कि विद्यालय के लिए 10 करोड़ 30 लाख रुपये का बजट मंजूर है। अब तक 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और अगले शिक्षण सत्र से यहां पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
यह विद्यालय गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए बन रहा है, जहां उन्हें मुफ्त अच्छी शिक्षा के साथ रहने की सुविधा भी मिलेगी। डीएम ने कार्यदायी संस्था से कहा कि बाकी बचा 10 प्रतिशत काम तय समय में और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। डीएम का कहना था कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता है और ऐसे विद्यालयों से सीमावर्ती इलाके के बच्चों को काफी फायदा मिलेगा।
गौसदन मैरी भी पहुंचे डीएम
इसके बाद डीएम गौसदन मैरी पहुंचे और गायों के चारे, पानी और ठंड से बचाव के इंतजामों को देखा। सर्दी का मौसम शुरू होने को है, इसलिए उन्होंने गोवंशों के लिए अलाव, तिरपाल और पर्याप्त भूसे की व्यवस्था पक्की करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में किसी भी गोवंश की मौत लापरवाही से नहीं होनी चाहिए।
गोबर गैस प्लांट और खाद इकाई का जायजा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गौसदन में लगे गोबर गैस प्लांट को भी देखा और अधिकारियों को इसे पूरी क्षमता से चलाने को कहा। गोबर से बनने वाली जैविक खाद और केंचुआ खाद की इकाई भी उन्होंने देखी और खाद की गुणवत्ता व बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि गोबर की खाद किसानों के लिए वरदान है और इससे जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को केंचुआ खाद का उत्पादन बढ़ाने और किसानों को जैविक खाद के इस्तेमाल के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निचलौल, बीडीओ समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








