वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र का नौका विहार उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। भगवान को पालकी में बैठाकर मंदिर के गर्भगृह से कल्याणी तक लाया गया, जहां फूलों से सजी नौका में विराजमान प्रभु के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे।
कल्याणी के पास पहुंचने पर सबसे पहले विधि-विधान से पूजा और भव्य आरती हुई। इसके बाद तरह-तरह के सुगंधित फूलों से सजी नौका में श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र को विराजमान कराया गया। हरिनाम संकीर्तन की मधुर धुन के बीच नौका विहार शुरू हुआ। भक्तों के संकीर्तन और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और दर्शन पाकर श्रद्धालुओं ने खुद को धन्य माना।
इस मौके पर श्रीविग्रहों का खास वस्त्रों और अलग-अलग तरह के सुगंधित फूलों से श्रृंगार किया गया। फिर प्रभु को छप्पन भोग अर्पित किए गए। उत्सव में श्री दामोदराष्टकम का सामूहिक गान हुआ और इसके बाद श्रद्धालुओं ने श्रीचरणों में दीप जलाकर दीपदान किया। दीपों की सुनहरी रोशनी, फूलों की सजावट और संकीर्तन की गूंज के बीच पूरा परिसर भक्ति में डूबा नजर आया।
कार्तिक उत्सव में शामिल होने के लिए दिल्ली, आगरा, लखनऊ समेत कई शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीधाम वृंदावन पहुंचे।








