वृंदावन। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचे। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर के बाहर उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर बयान दिया और सोशल मीडिया पर अपने आलोचकों को भी जवाब दिया।
शास्त्री ने कहा कि वे अक्सर ठाकुर जी के दरबार में आते रहते हैं और आज फिर उन्हें दर्शन और प्रार्थना का सौभाग्य मिला। ट्रोल करने वालों पर उन्होंने कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करते और पोस्ट डालते रहते हैं, अगर उनकी पोस्ट और ट्रोलिंग पूरी हो गई हो तो वे भी उन्हीं की तरह बांके बिहारी जी के दरबार आएं।
मथुरा के मुद्दे पर शास्त्री ने सभी सनातनियों और ब्रजवासियों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा पर जो “औरंगजेब का कलंक” लगा है, उसे मिटाने के लिए सबको साथ बैठना होगा। सभी ब्रजवासी और सनातनी मिलकर इसका उपाय निकालें और इसके लिए जोर दें।
सख्त लहजे में उन्होंने कहा, “अब सनातन का रथ मथुरा की ओर मोड़ दें, वरना आप सनातनी नहीं, बल्कि ‘तनातनी’ हैं।”
बातचीत के अंत में शास्त्री ने तंज करते हुए कहा कि वे ठाकुर जी के दर्शन के साथ-साथ उन लोगों को भी देखने आए हैं जो कुछ दिनों के लिए “कृष्ण भक्त” बन गए थे। आखिर में “राधे-राधे” का उद्घोष करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे बांके बिहारी जी त्रिभंगी रूप में टेढ़े हैं।








