देहरादून। नशे की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में देहरादून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 348 ग्राम चरस बरामद हुई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी सीज की गई है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि कोतवाली डोईवाला पुलिस पुरानी एयरपोर्ट रोड पर जौलीग्रांट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर स्कूटी सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, तो उनके पास से 210 ग्राम चरस मिली। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और स्कूटी सीज कर दी। उनकी पहचान अभिनव और आदित्य के रूप में हुई है।
दूसरी कार्रवाई कोतवाली रायवाला पुलिस ने की। गीता कुटीर घाट के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को 138 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। उसकी पहचान वाहिद हसन के रूप में हुई है।
एसएसपी के मुताबिक सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब नशे के नेटवर्क से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।








