शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पटेल चौक पहुंचकर संपन्न हुई। यहां उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और पूर्व विधायक विनोद कटियार ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व विधायक विनोद कटियार ने लोगों को संबोधित करते हुए सरदार पटेल के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

वहीं, जिले के ननहुआपुर गांव में भी जयंती के अवसर पर सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया गया। ग्रामीणों ने लौह पुरुष को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था। वह स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर देश को एकजुट करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।
उनकी जयंती को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर वक्ताओं ने उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
रिपोर्टर- संजय तिवारी,
कानपुर देहात









