11 किलोमीटर सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों का ऐलान, ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहजहांपुर। जिले के बंडा ब्लॉक के कई गांवों में करीब 11 किलोमीटर लंबी खस्ताहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे गया है। बिहार रामनगर, भौरखेड़ा खुर्द, कुंडरा, चिकटिया और ढुकरी बुजुर्ग समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों के करीब 20 हजार लोगों ने आगामी चुनाव में मतदान बहिष्कार का ऐलान किया है।

ग्रामीणों ने अपने घरों के बाहर ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के पोस्टर चस्पा कर जोरदार प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि आजादी के बाद से हर चुनाव में जनप्रतिनिधि सड़क बनवाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन आज तक सड़क की हालत नहीं सुधरी।

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चे फिसलकर चोटिल होते हैं और लोगों को खेतों के रास्ते गुजरना पड़ता है। इस बदहाली से कई गांवों के लोग प्रभावित हैं।

ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं होगा, तब तक किसी भी नेता को गांव में वोट मांगने नहीं दिया जाएगा। इस क्षेत्र से फिल्म अभिनेता राजपाल यादव का गांव भी रास्ते में पड़ता है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार शर्मा, शाहजहांपुर।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]