लक्ष्मणझूला। थाना क्षेत्र के गंगा भोगपुर तल्ला स्थित पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा के संचालक नीरज गुप्ता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। लापता होने से पहले रिजॉर्ट में पांच पन्नों का एक नोट छोड़े जाने की बात सामने आई है, जिसमें आत्महत्या का जिक्र है। गंगा में कूदने की आशंका के चलते एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी नीरज गुप्ता की पत्नी विनीता गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई है कि जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेनदेन को लेकर रवि बजाज, गगन बत्रा तथा अन्य लोग उनके पति को कथित रूप से लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
शिकायत के आधार पर लक्ष्मणझूला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
आसपास पूछताछ के दौरान नीरज के गंगा में कूदने की आशंका जताई गई। गंगा तट पर उनके जूते भी मिले हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नोट और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- सागर रस्तोगी
लोकेशन- लक्ष्मणझूला









