मैनपुरी। जनपद मैनपुरी में PET परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। जिले में परीक्षा के लिए कुल 17 केंद्र बनाए गए हैं।

शनिवार सुबह 10 बजे से परीक्षा की पहली पाली शुरू हुई। पहली पाली में कुल 7,176 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। केंद्रों के मुख्य द्वार पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और कड़ी चेकिंग की गई। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों के अंदर प्रवेश दिया गया।
प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इस संबंध में सीओ सिटी मैनपुरी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।









