महराजगं। उत्तर प्रदेश के महराजगंज में दो माह के मासूम बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ठूठीबारी थाना क्षेत्र से अगवा किए गए मासूम विक्की को पुलिस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमावस्या के दिन मासूम की बलि देने की कथित साजिश का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट टीम और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
रात में घर से गायब हुआ था दो माह का मासूम
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को ग्राम राजाबारी टोला रमजीता निवासी गोविन्द ने ठूठीबारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब दो से चार बजे के बीच वह अपनी पत्नी और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर बच्चे को उठा ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सुबह करीब 3:57 बजे एक संदिग्ध महिला बच्चे को गोद में लेकर राजाबारी पुल के पास से निचलौल रोड की तरफ जाती दिखाई दी।
आगे की फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि महिला ठूठीबारी बस स्टैंड से बस में बैठकर शिकारपुर मोड़ पहुंची और फिर घुघली की तरफ गई।
जांच में संदिग्ध महिला की पहचान सावित्री निवासी ग्राम कफवा, थाना घुघली के रूप में हुई। इसके बाद सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने उसकी लोकेशन का पीछा किया और महराजगंज से दिल्ली पहुंच गई।
दिल्ली के कश्मीरी गेट से मिला मासूम
पुलिस टीम को दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर सावित्री अपने साथी करण कुमार गौतम के साथ एक शिशु के साथ मिली। पूछताछ में दोनों बच्चे के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने बच्चे की तस्वीर परिजनों को भेजी, जहां पिता ने उसकी पहचान अपने बेटे विक्की के रूप में की।
पुलिस ने मासूम को सकुशल बरामद कर लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। बच्चे का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अमावस्या पर बलि देने की थी कथित योजना
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंधविश्वास के चलते दो माह के मासूम का अपहरण किया गया था। कथित योजना के अनुसार आगामी अमावस्या पर बच्चे की बलि दी जानी थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का अंधविश्वास था कि ऐसा करने से परिवार के लापता सदस्य वापस आ जाएंगे और परिवार में हो रही अकाल मृत्यु की घटनाएं बंद हो जाएंगी। इस मामले में नेपाल के बैरियहवा में रहने वाले एक कथित झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की सलाह का भी जिक्र सामने आया है।
दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सावित्री, सरस्वती और करण कुमार गौतम को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मासूम की सकुशल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस सफल कार्रवाई में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस टीम और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की अहम भूमिका रही।
महराजगंज पुलिस की इस कार्रवाई से एक मासूम की जान बच गई और परिवार को उसकी खुशियां वापस मिल गईं।









