मथुरा: जंगल से भटककर गांव पहुंचा जंगली मृग, कुत्तों के हमले से मौत; वन विभाग के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने दफनाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छाता। थाना छाता क्षेत्र के गांव नौगांव में शनिवार शाम उस समय हलचल मच गई, जब जंगल से भटककर एक जंगली मृग गांव में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि गांव में पहुंचने के बाद कुत्तों ने मृग पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, जंगली मृग गांव निवासी भीम सिंह के घर के पास पहुंचा था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी और टीम को मौके पर बुलाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।

इसके बाद ग्रामीण तरुण, अशोक, भीम सिंह सहित अन्य लोगों ने स्वयं जंगली मृग को दफनाया।

घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने और इस तरह की घटनाओं में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

अब सवाल यह है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जिम्मेदारी निभाने वाला वन विभाग समय पर मौके पर क्यों नहीं पहुंचा?

छाता, मथुरा से रिपोर्ट।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]