बागपत: दीपावली पर जिले को मिली बड़ी सौगात, टटीरी रेलवे ओवरब्रिज वाहनों के लिए खुला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बागपत दीपावली के त्योहार पर बागपतवासियों को रेलवे ओवरब्रिज की बड़ी सौगात मिली है। बागपत-मेरठ हाईवे पर नवनिर्मित टटीरी रेलवे ओवरब्रिज का राज्यमंत्री केपी मलिक और बागपत सदर विधायक योगेश धामा ने फीता काटकर उद्घाटन किया और इसे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया। इस मौके पर आरएलडी सांसद राजकुमार सांगवान सहित भाजपा और आरएलडी के कई नेता मौजूद रहे।

ओवरब्रिज शुरू होने से बागपत, मेरठ और हरियाणा की ओर आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे पहले रूट डायवर्जन के चलते वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले करीब दो वर्षों से वे इस समस्या से जूझ रहे थे।

ओवरब्रिज के शुरू होने से व्यापारियों और वाहन चालकों में भी खुशी देखने को मिली। व्यापारियों का कहना है कि आवागमन सुगम होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी फायदा मिलेगा। वहीं वाहन चालकों ने बताया कि वे लंबे समय से इस पुल के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। उद्घाटन के बाद पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

इस अवसर पर राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक ने कहा कि आरएलडी सांसद राजकुमार सांगवान समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण करते रहे। रेलवे अधिकारियों ने कार्य को समय पर पूरा किया है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज शुरू होने से लोगों का सफर आसान होगा और समय की बचत होगी।

वहीं सदर विधायक योगेश धामा ने कहा कि यह ओवरब्रिज उनके विधानसभा क्षेत्र में आता है। निर्माण कार्य के दौरान समय-समय पर निरीक्षण किया गया और संबंधित विभागों के सहयोग से इसे पूरा कराया गया।

सांसद राजकुमार सांगवान ने कहा कि डबल इंजन सरकार में कई ऐसे विकास कार्य हुए हैं, जिन्हें पहले की सरकारें पूरा नहीं कर पाईं। उन्होंने वाहन चालकों से पुल पर सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की।

रिपोर्ट: विकास शर्मा, बागपत।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]