बागपत में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर घायल, दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बागपत, 29 अक्टूबर। बागपत में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोघट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी नीरज को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, नोएडा एसटीएफ उत्तर प्रदेश और सर्विलांस टीम की मदद से 50 हजार रुपये के एक अन्य इनामी आरोपी मनोज को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात दोघट थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के दौरान नीरज घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नीरज शामली जिले के अड्डा भभिसा गांव का निवासी है। वहीं, दूसरे आरोपी मनोज की गिरफ्तारी नोएडा एसटीएफ उत्तर प्रदेश और सर्विलांस टीम के सहयोग से की गई। दोनों आरोपी पुलिस के लिए वांछित थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, आठ हजार रुपये नकद और एक बैग बरामद किया गया है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।

एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह के मुताबिक, पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट- विकास शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]