महराजगंज, जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत 30 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र नौतनवा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
राजकीय आईटीआई, कौशल विकास मिशन और जिला सेवायोजन कार्यालय महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में 15 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से 1000 से अधिक रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार ₹10,000 से ₹35,000 तक प्रतिमाह वेतन मिलने का अवसर होगा।
आठवीं पास से लेकर बीटेक तक के अभ्यर्थी पात्र
रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए कक्षा आठवीं, हाईस्कूल, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीटेक सहित विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यताधारी अभ्यर्थी पात्र होंगे।
जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र, बायोडाटा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई परिसर, नौतनवा में उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।
यह रोजगार मेला क्षेत्र के युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर प्रदान करेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर पहुंचकर अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध पदों के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।









