गाजीपुर अर्णव चक्रवात का असर गाजीपुर जिले में भी देखने को मिल रहा है। तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पककर तैयार धान की फसल जमीन पर गिर गई है, वहीं कई खेतों में जलभराव होने से फसलें पानी में डूब गई हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
बारिश के चलते धान की फसल गिरने से किसानों के सामने कटाई का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, जिन किसानों ने चना, मटर और सरसों की बोआई कर दी थी, उनके खेतों में भी पानी भर गया है। इससे रबी की फसलों पर भी संकट मंडराने लगा है। खेतों में जलभराव और अधिक नमी के कारण गेहूं समेत अन्य फसलों की बोआई में देरी होने की आशंका जताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि मौसम की मार से उनकी पूरी मेहनत प्रभावित हुई है। पहले से ही खेती की लागत बढ़ने के कारण किसान परेशान हैं और अब बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जाए और फसल क्षति का आकलन कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
रिपोर्ट: प्रदीप शर्मा गाजीपुर।









