प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती और युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कमरे में हाथापाई हुई। इसी दौरान युवती की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उन्होंने उसे तोड़ दिया। कमरे के अंदर युवती खून से लथपथ मिली। आरोप है कि युवक ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। युवती की हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
मामले में दो समुदायों के लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









