जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर की सुबह 5:25 बजे वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से वाराणसी–एकता नगर महामना एक्सप्रेस के माध्यम से दल ने अपनी यात्रा शुरू की। गुजरात पहुंचकर सभी सदस्य एकता रैली में सहभागिता करेंगे।
रैली में शामिल होने वाले प्रतिभागियों में एसबीआर जिले के 33, एमजेडआर जिले के 30 और सीडीआई जिले के 31 प्रतिभागी शामिल हैं। इस तरह तीनों जिलों से कुल 94 प्रतिभागी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इनके साथ 14 अधिकारी भी दल में शामिल हैं।
एकता रैली का आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना भी इस सहभागिता का प्रमुख उद्देश्य है। उत्तर प्रदेश के तीन नशा प्रभावित जिलों के प्रतिभागियों की भागीदारी नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।









