आगरा। आगरा में रेलवे के असिस्टेंट ऑपरेशन मैनेजर अभिषेक सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। अभिषेक सिंह अपने ही चैंबर में मृत अवस्था में मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था और पास में कुछ संदिग्ध गोलियां पड़ी हुई थीं। घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक सिंह करीब चार महीने पहले ही प्रयागराज से स्थानांतरित होकर आगरा डीआरएम कार्यालय आए थे। यहां वह असिस्टेंट ऑपरेशन मैनेजर के पद पर तैनात थे। उनके चैंबर में शव मिलने की सूचना से रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं, अभिषेक सिंह के परिवार ने एक वरिष्ठ अधिकारी पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की मां सुशीला देवी और पत्नी आस्था रानी ने इस मामले में अपनी पीड़ा जाहिर की है।
फिलहाल अभिषेक सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। संदिग्ध गोलियां मिलने के बाद मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।









