लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का वीडियो जारी किया है। इसके माध्यम से उन्होंने घोषणा की है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पार्टी की ओर से इस योजना को महिलाओं के सम्मान और आर्थिक समृद्धि से जोड़कर पेश किया जा रहा है।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा निकालने की तैयारी की है। यह पदयात्रा 3 नवंबर से शुरू होगी और प्रदेश के विभिन्न जिलों में वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 3 नवंबर को लखनऊ में शिवराज सिंह चौहान और बरेली में जेपी नड्डा पदयात्रा में शामिल होंगे। 4 नवंबर को गोरखपुर में नितिन नवीन, प्रयागराज में केशव प्रसाद मौर्य और कानपुर में ब्रजेश पाठक नेतृत्व करेंगे। वहीं, 5 नवंबर को गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदयात्रा में शामिल होंगे।
एक ओर सपा महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा के जरिए अपना एजेंडा सामने रख रही है, तो दूसरी ओर भाजपा पदयात्रा के माध्यम से जनता के बीच पहुंचने की तैयारी में है। दोनों दलों की गतिविधियों से प्रदेश का सियासी माहौल गर्म होता नजर आ रहा है।









