आगरा। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने 4263 मतों से जीत दर्ज की। उनकी जीत के बाद पत्नी सारांश गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए इसे पति की दिन-रात की मेहनत और भगवान का आशीर्वाद बताया।

सारांश गुप्ता ने कहा कि डॉ. आकाश अग्रवाल चुनाव प्रचार के दौरान लगातार मेहनत कर रहे थे। उनकी दिनचर्या इतनी व्यस्त थी कि कब घर आते थे और कब दोबारा प्रचार के लिए निकल जाते थे, इसका भी पता नहीं चलता था। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने उनकी मेहनत का फल जीत के रूप में दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके पति को चुनाव में हराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। सारांश गुप्ता के मुताबिक, चुनाव के दौरान जब डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ मारपीट की घटना हुई, तो उनकी चिंता और बढ़ गई थी। हालांकि, उन्हें भगवान पर पूरा भरोसा था कि अंततः न्याय मिलेगा।
जीत के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “भगवान की लाठी में बहुत ताकत होती है।”
डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। उनकी पत्नी ने इस जीत को मेहनत, विश्वास और शिक्षकों के समर्थन का परिणाम बताया।









