मिशन शक्ति 5.0 के तहत पनियरा में बहु-बेटी सम्मेलन, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महराजगंज पुलिस एवं यूनिसेफ (UNICEF) के संयुक्त तत्वावधान में थाना पनियरा क्षेत्र में ग्राम पंचायत स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘बहु-बेटी सम्मेलन’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

गोरखपुर जोन पुलिस एवं यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में महिला अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करना चाहिए।

कार्यशाला के दौरान आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया। महिलाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा से संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

महराजगंज पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। मिशन शक्ति के माध्यम से ग्रामीण स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]