नोएडा में लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल समेत चार गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेक्टर-63 पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में लगी गोली, दो अन्य कॉम्बिंग के दौरान पकड़े गए

 लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में चार गिरफ्तार

नोएडा में लिफ्ट देने के बहाने लोगों को लूटने वाले कथित गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

दरअसल, 1 और 2 नवंबर की रात सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बहलोलपुर अंडरपास से ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास उर्फ कालू और राजेश उर्फ ढेड़ा पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, मौके पर की गई कॉम्बिंग के दौरान शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पुलिस ने कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाते थे और सुनसान रास्तों पर ले जाकर उनके साथ लूटपाट करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और चोरी की बताई जा रही बुलेट और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार चारों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। फिलहाल पुलिस इनके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी लिफ्ट देने के बहाने लूट की कितनी अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं।

लिफ्ट के बहाने लूटने वाला गैंग बेनकाब, नोएडा में मुठभेड़ के बाद चार गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, दो अन्य साथी भी गिरफ्तार

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]