20 दिनों से धरने पर बैठे किसान, मुआवजे को लेकर आर-पार की तैयारी; डीएम से लगाई न्याय की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरदोई। रूपापुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए अधिग्रहीत जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का धरना पिछले 20 दिनों से लगातार जारी है। प्रशासन और किसानों के बीच कई दौर की वार्ता होने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। इससे नाराज किसानों ने अब जिलाधिकारी से धरना स्थल पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और न्याय दिलाने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जिला मुख्यालय तक पहुंचाया जाएगा।
किसानों का आरोप है कि वर्ष 2017 के आसपास प्रचलित सर्किल रेट के आधार पर उनकी जमीनों के बैनामे कराए गए थे, जबकि जमीन की वास्तविक कीमत काफी अधिक थी। बैनामे के दो से तीन महीने बाद ही सर्किल रेट बढ़ा दिया गया, जिससे उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिल सका।

वहीं, कुछ किसानों का कहना है कि 65 से 70 वर्ष पहले भूमिहीन परिवारों को खेती के लिए जमीन के पट्टे दिए गए थे। वर्षों तक खेती और लगान जमा करने के बावजूद जमीन जंगल खाते में दर्ज होने के कारण उन्हें मुआवजे से वंचित होना पड़ा।

किसानों ने स्थानीय युवाओं को औद्योगिक इकाइयों में योग्यता के अनुसार रोजगार देने की भी मांग उठाई है। धरने को कई किसान संगठनों का समर्थन मिल रहा है। किसान नेता नन्हे सिंह ने चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो हजारों किसानों के साथ जिला मुख्यालय पर आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल किसान जिलाधिकारी के हस्तक्षेप और न्याय मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]