लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-K में बीते 27 अक्टूबर को हुई वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग लड़की को संरक्षण में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि प्रकाश रावत, मोनी रावत और सरिता रावत के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, वृद्ध महिला अपने घर में अकेली रहती थीं। घर में मेड का काम करने वाली नाबालिग लड़की और अन्य आरोपियों ने पहले घर में चोरी की योजना बनाई। इसके बाद सभी ने वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि चोरी के दौरान वृद्ध महिला की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपियों का विरोध किया। इस पर आरोपियों ने तकिये से उनका मुंह दबा दिया। वहीं, नाबालिग ने महिला का गला दबाया और मसाला कूटने वाले लोहे के औजार से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 38,318 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चोरी की नीयत से की गई इस वारदात में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय ने घटना से जुड़ी जानकारी साझा की। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।









