मैनपुरी। पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने शनिवार को मैनपुरी के सर्किट हाउस में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अंगद का पांव है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। विपक्ष केवल भ्रम और मनगढ़ंत नैरेटिव बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। भाजपा पूरी एकजुटता के साथ कमल के निशान के पीछे खड़ी है।
गृहमंत्री अमित शाह के लखनऊ दौरे और यूसीसी लागू करने के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू हो चुकी है। वहीं देश में तख्तापलट और रिजीम चेंज की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं। यहां सरकारें केवल संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बनती और बदलती हैं।
विपक्ष के प्रदर्शनों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून और मर्यादा का पालन जरूरी है। कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है।
मैनपुरी की जीएनएम छात्रा की हत्या के मामले में मंत्री ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में किसी अपराधी को बचाया नहीं जा सकता। घटना की सच्चाई के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
इस दौरान उन्होंने इसरो की उपलब्धियों की सराहना करते हुए वैज्ञानिकों और प्रधानमंत्री को बधाई दी। साथ ही कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर जनता के बीच काम कर रही है।
बाइट- ठाकुर जयवीर सिंह









