तीन महीने से वेतन न मिलने पर कर्मचारियों में नाराजगी, मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
ऋषिकेश। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर निगम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन और हड़ताल के चलते विभिन्न डिपो में करीब 50 प्रतिशत बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। इससे दिल्ली समेत अन्य रूटों पर यात्रियों को बसों की कमी का सामना करना पड़ सकता है।

यूनियन के अध्यक्ष सुमित तोमर और महामंत्री संदीप कश्यप ने बताया कि निगम कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों के नियमितीकरण तक संविदा कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। साथ ही महंगाई भत्ते में हुई बढ़ोतरी का आदेश जल्द जारी किया जाए।
यूनियन ने रोडवेज बेड़े में 200 नई बसें शामिल करने की मांग भी उठाई है, ताकि आगामी कुंभ मेले के दौरान यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
महामंत्री संदीप कश्यप ने चेतावनी दी कि यदि निगम प्रबंधन ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा। इससे रोडवेज बसों का संचालन और प्रभावित हो सकता है।
रिपोर्ट – सागर रस्तोगी









