पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली। चक्रवाती तूफान ‘अर्बन’ के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने चंदौली जनपद के किसानों की कमर तोड़ दी है। कटाई से ठीक पहले खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल गिरकर बर्बाद हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

किसानों की समस्याओं को देखते हुए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बर्बाद फसलों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से फोन पर वार्ता कर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व अधिकारियों की टीमें गठित कर फसल क्षति का निष्पक्ष आकलन कराया जाए, ताकि किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा मिल सके।
राणा प्रताप सिंह ने कहा कि चंदौली धान का कटोरा है। यहां किसानों की महीनों की मेहनत प्राकृतिक आपदा से बर्बाद हो गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं के हक की लड़ाई लड़ना उनका संकल्प है और संकट की इस घड़ी में वे किसानों के साथ मजबूती से खड़े हैं।









