आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब ने भारी तबाही मचाई है| तूफान से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि राहत और बचाव अभियान जारी है|
चक्रवात से छह लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश में आए भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद जनजीवन को सामान्य बनाने की कोशिशें जारी हैं| तूफान से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है| पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, तेनाली मंडल में दीवार गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई| घटना बुधवार रात की बताई जा रही है| इस बीच मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवात प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान का जायजा लिया| तूफान के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और सड़कों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं|
90 फीसदी सड़कों और बिजली लाइनों की बहाली
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन के अनुसार, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम की स्थिति अब सामान्य हो रही है| तूफान के कारण बाधित हुई सड़कों और क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों में से लगभग 90 फीसदी की मरम्मत कर दी गई है| बाकी प्रभावित क्षेत्रों में भी बहाली का काम जारी है| प्रशासन की टीमें बिजली आपूर्ति बहाल करने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी हैं| वहीं, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों से घर लौटाने से पहले संबंधित इलाकों की जांच की जा रही है|
जहाज के सभी 20 सदस्यों का रेस्क्यू
चक्रवात के दौरान आंध्र प्रदेश के तट के पास फंसे मालवाहक जहाज सिग्मा पर्ल के चालक दल के सभी 20 सदस्यों को भारतीय तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया है| मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला यह जहाज अंतरवेदी के पास समुद्र में फंस गया था| बचाव अभियान में तटरक्षक बल के जहाज सुजय और हेलीकॉप्टर की मदद ली गई.| दूसरी ओर, मौसम विभाग ने दक्षिण अंडमान सागर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की जानकारी दी है| इस नए मौसमी सिस्टम पर भी नजर रखी जा रही है|









