खरगे के आवास पर आज जुटेंगे INDIA गठबंधन के नेता, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ होगा जन महाभियोग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली में आज विपक्षी INDIA गठबंधन के नेता चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे.

खरगे के आवास पर होगा आयोजन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास 10 राजाजी मार्ग पर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को INDIA गठबंधन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसकी शुरुआत दोपहर करीब 3:30 बजे होने की संभावना है. इस कार्यक्रम को पहले मॉक पार्लियामेंट के रूप में आयोजित करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे जन महाभियोग नाम दिया गया. विपक्षी दलों का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े सवालों को सार्वजनिक रूप से उठाना है. इससे पहले कार्यक्रम के लिए दूसरे स्थानों पर आयोजन की कोशिश की गई थी, लेकिन अनुमति संबंधी दिक्कतों के बाद इसे खड़गे के आवास पर आयोजित करने का फैसला लिया गया.

मीरा कुमार संभालेंगी अध्यक्षता

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी. वहीं, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चर्चा की शुरुआत करेंगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अंत में अपनी बात रखेंगे. कार्यक्रम में कांग्रेस के अलावा तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, सीपीआई (एम), आरजेडी और अन्य विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है. कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, पवन खेड़ा और गौरव गोगोई जैसे नेता भी इस आयोजन से जुड़े हैं. इसके अलावा महुआ मोइत्रा, डेरेक ओ ब्रायन, जॉन ब्रिटास और हरेंद्र मलिक समेत अन्य विपक्षी नेता भी इसमें हिस्सा लेंगे.

SIR और मतदाता सूची का मुद्दा उठाएगा विपक्ष

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग प्रस्ताव के जरिए विपक्ष अपनी आपत्तियां सामने रखेगा. INDIA गठबंधन का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. विपक्ष इसे मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय बता रहा है. इस दौरान प्रभावित मतदाताओं और नागरिक समाज से जुड़े कुछ लोगों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा. विपक्षी दलों के अनुसार, इस आयोजन के जरिए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों पर चर्चा की जाएगी. इसके बाद 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की बड़ी रैली भी प्रस्तावित है.

और पढ़ें

[the_ad id="164"]