हरदोई में सजा विशाल करवाचौथ दंगल, नेपाल की मेवा थापा ने राजस्थान के बादल को दी पटखनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया शुभारंभ, देश-विदेश के पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेच

हरदोई। मल्लावां कस्बे के गंगारामपुर स्थित ऐतिहासिक तपसी बाबा सदहा तालाब परिसर में करवाचौथ के अवसर पर विशाल कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। दंगल में नेपाल समेत देश के कई राज्यों से पहुंचे महिला और पुरुष पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुकाबले में नेपाल की मेवा थापा ने राजस्थान के पहलवान बादल को पटखनी देकर जीत हासिल की। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया।

यह दंगल उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के पिता स्वर्गीय डॉ. सुरेश पाठक और चाचा स्वर्गीय सुभाष चंद्र पाठक की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया। दोपहर तीन बजे शुरू हुए इस आयोजन में नेपाल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मेरठ और सहारनपुर समेत विभिन्न स्थानों से आए नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। महिला पहलवानों के मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र रहे।

दंगल के प्रमुख मुकाबले में नेपाल की मेवा थापा और राजस्थान के बादल आमने-सामने आए। दोनों पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें मेवा थापा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बादल को पटखनी दे दी। वहीं, राजस्थान के बादल ने नेपाल के शंकर थापा को हराकर अपनी कुश्ती का दम दिखाया। उन्नाव के सुरेंद्र और हरिद्वार के राहुल के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’ ने की, जबकि आयोजन के संयोजक राजेश पाठक रहे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री के बड़े भाई राजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दंगल देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे। पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबलों के दौरान अखाड़ा तालियों और उत्साह से गूंजता रहा। मुकाबलों के बाद विजेता पहलवानों को अतिथियों ने सम्मानित किया।

हरदोई से अमित सिंह की रिपोर्ट।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]