पराली जलाने पर रोक के लिए महराजगंज में जागरूकता अभियान शुरू, डीएम ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किसानों से पराली न जलाने की अपील, वैज्ञानिक तरीके से फसल अवशेष प्रबंधन अपनाने पर दिया जोर

महराजगंज, जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अभियान शुरू किया है। गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत संचालित यह प्रचार वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन के तरीकों की जानकारी देगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं, बल्कि आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से उसका उचित निस्तारण करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसके अलावा मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव भी नष्ट होते हैं। इससे कृषि उत्पादन और पर्यावरण के संतुलन पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी जरूरी है। किसान कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ उठाकर पराली का समुचित प्रबंधन कर सकते हैं। इससे खेतों की उर्वरता सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत पराली जलाने पर जुर्माने सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर पराली जलाने की घटनाओं को रोकना है, जिसमें किसानों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी किसानों से पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने और पराली न जलाकर जिम्मेदार कृषि पद्धतियां अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि संजीव कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह सहित कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]