आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्रुखाबाद। कायमगंज में आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ललैया गांव का है। यहां निवासी जयवीर जाटव की 22 वर्षीय पत्नी सपना करीब आठ माह की गर्भवती थी। परिजनों के मुताबिक, जयवीर अपनी पत्नी और मां के साथ हरियाणा के बल्लभगढ़ में मजदूरी करता था। तीन दिन पहले ही वह पत्नी और मां को लेकर गांव लौटा था।

बताया गया कि सपना की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। वहां से उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। सास के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही गेट पर सपना की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव लौट आए।

जानकारी के मुताबिक, जयवीर और सपना ने करीब डेढ़ वर्ष पहले आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। वहीं, सपना के पिता संजय ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा के अनुसार, विवाहिता गर्भवती थी और परिजन उसे प्रसव के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नायब तहसीलदार मोहम्मद हसीन की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]