गाजीपुर में दर्दनाक हादसा: डिवाइडर तोड़ खाई में गिरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, मां-बेटे की मौत, तीन घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर बिरनो टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा, घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया

गाजीपुर, जिले में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जंगीपुर थाना क्षेत्र में बिरनो टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों की पहचान बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी क्षमा उपाध्याय और उनके बेटे अनमोल उपाध्याय के रूप में हुई है। मां-बेटे की मौत की खबर से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे में वाराणसी के शिवपुर निवासी रत्नेश मिश्रा, बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरखरा निवासी मनोज चौबे और मीरजापुर जिले के चुनार निवासी वाहन चालक रमेश वर्मा घायल हुए हैं। तीनों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इस संबंध में एएसपी गाजीपुर राकेश मिश्रा ने हादसे की जानकारी दी। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्ट: प्रदीप शर्मा, गाजीपुर।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]