15 शैय्या वाले अस्पताल के पास अपना भवन तक नहीं, बिजली-पानी और शौचालय की समस्या से मरीज व कर्मचारी परेशान
कुशीनगर। हाटा विधानसभा क्षेत्र के हाटा ब्लॉक परिसर में संचालित 15 शैय्या युक्त आयुर्वेदिक अस्पताल बदहाली का शिकार है। अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते मरीजों और कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. प्रियंका सिंह के मुताबिक, अस्पताल के पास अपना भवन तक नहीं है। फिलहाल ब्लॉक प्रमुख की ओर से उपलब्ध कराए गए भवन में अस्पताल का संचालन किया जा रहा है।
डॉ. प्रियंका सिंह ने बताया कि अस्पताल में नियमित बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं का अभाव है। इन समस्याओं के कारण अस्पताल के दैनिक कामकाज और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयां सामने आ रही हैं।
चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल की समस्याओं को लेकर कई बार उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब स्वास्थ्य केंद्र खुद बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहा है, तो मरीजों को बेहतर उपचार कैसे मिल सकेगा?
स्थानीय स्तर पर अस्पताल की व्यवस्था को दुरुस्त करने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत महसूस की जा रही है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले में कब तक कदम उठाते हैं और अस्पताल की बदहाली दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्टर: ज्ञानेश्वर बरनवाल स्थान: कुशीनगर, उत्तर प्रदेश









