हरदोई में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 60 किलो काजू सीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सड़े हुए 10 किलो रसगुल्ले कराए गए नष्ट, बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री बंद कराकर मुकदमा दर्ज

हरदोई। दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। कार्रवाई के दौरान बिलग्राम चुंगी स्थित महादेव स्वीट्स से 10 किलोग्राम सड़े हुए रसगुल्ले नष्ट कराए गए, जबकि डीएम चौराहे स्थित सांवरिया स्वीट्स से करीब 53 हजार रुपये कीमत के 60 किलोग्राम काजू सीज किए गए। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री को बंद कराकर मुकदमा भी दर्ज कराया गया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी राहुल पांडे के निर्देश पर अंतरजनपदीय टीम के सहयोग से यह संयुक्त अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य दीपावली के दौरान लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावट पर अंकुश लगाना है।

कार्रवाई के दौरान बिलग्राम चुंगी स्थित महादेव स्वीट्स पर टीम ने 10 किलोग्राम सड़े हुए रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट कराए। इसके अलावा खोया और रसमलाई के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। प्रतिष्ठान में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

इसके बाद टीम ने डीएम चौराहे स्थित सांवरिया स्वीट्स पर छापेमारी की। यहां गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण काजू का नमूना लिया गया तथा लगभग 60 किलोग्राम काजू सीज कर दिए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 53 हजार रुपये बताई गई है। विभाग के अनुसार, बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री को बंद कराकर मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

इसी अभियान के तहत एसपी तिराहे स्थित वृंदावन स्वीट्स से पेड़े का नमूना संग्रहित किया गया। यहां अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।

खाद्य विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. श्रीवास्तव सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश, पटेल, मान सिंह और निरंजन मौजूद रहे। त्योहार के मद्देनजर विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

संवाददाता: अमित सिंह, हरदोई।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]