रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिलने की खबर के बाद रामपुर में खुशी का माहौल देखने को मिला। हाईकोर्ट के फैसले की जानकारी मिलते ही रामपुर कचहरी में अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
कचहरी परिसर और अधिवक्ताओं के चैंबर में जश्न का माहौल रहा। इस दौरान मामले को लेकर अधिवक्ताओं के बीच चर्चा भी तेज हो गई। आजम खान और अब्दुल्ला आजम को मिली राहत को उनके समर्थकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि दो पैन कार्ड मामले में रामपुर की अदालत ने आजम खान और अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। इस मामले में दोनों जेल में बंद हैं। हाईकोर्ट से राहत मिलने की खबर के बाद अब उनकी कानूनी स्थिति और आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि आजम खान और अब्दुल्ला आजम जल्द ही जेल से बाहर आएंगे।
हालांकि, हाईकोर्ट से राहत मिलने का अर्थ अपने आप जेल से रिहाई होना नहीं है। रिहाई की स्थिति अदालत के आदेश और संबंधित कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगी। इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश की विस्तृत जानकारी के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट- हरविन्दर दिवाकर









