कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के मुख्य द्वार पर बुधवार को छात्रों ने विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता अनुज त्रिपाठी और अनस शाहू ने किया।

विधि छात्र मोर्चा की ओर से कुलपति को संबोधित मांगपत्र सौंपा गया। इसमें सीएसजेएमयू से संबद्ध सी.सी. लॉ कॉलेज के छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में विसंगतियों को दूर करने, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए होम सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराने और प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल पर आ रही समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
इसके अलावा, मांगपत्र में बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के निर्धारित शैक्षणिक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का मुद्दा भी शामिल रहा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शांतिपूर्ण विरोध के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करने और उनकी समस्याओं पर विश्वविद्यालय प्रशासन से संवाद स्थापित कर समाधान निकालने की मांग की।
अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की इन मांगों पर क्या कदम उठाता है और समस्याओं के समाधान के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।









