जानकारी के मुताबिक, हादसा बहजोई मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर गंगा एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 110 के पास खिरनी टोल प्लाजा और लहरावन के बीच हुआ। बस पंजाब के पटियाला से बिहार के अलग-अलग जिलों के लिए जा रही थी। इसमें सवार अधिकांश लोग राजमिस्त्री और मजदूर बताए जा रहे हैं, जो करवा चौथ और दीपावली का त्योहार मनाने घर लौट रहे थे।
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी के अनुसार, 20 से 22 घायलों को अस्पताल लाया गया था। छह डॉक्टरों समेत अस्पताल का स्टाफ उनके इलाज में जुटा रहा।
बिहार के सुपौल निवासी घायल मुकेश कुमार ने बस में ओवरलोडिंग का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, बस में करीब 150 यात्री और भारी सामान भरा था। वह खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकले। बस में फ्रिज, एलईडी और वाशिंग मशीन समेत अन्य सामान भी रखा था।
सीओ बहजोई स्तुति सिंह और पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









