बाराबंकी के देवा रोड पर चंदौली के पास भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देवा मेले के पहले दिन की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बेलहरा निवासी धनीराम पुत्र भगीरथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कार संख्या UP 41 AF 2746 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धनीराम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या UP 42 BT 6345 में जा घुसी।
हादसे में कार चालक वीरेंद्र शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने कार चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









