पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम बैरागी कैंप में कुंभ मेले के कार्य में लगे मजदूरों और कर्मचारियों ने सूचना दी कि बड़े टापू के सामने गंगा नदी में एक वाहन बह गया है। सूचना पर पुलिस और बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ भी जुट गई थी।
पूछताछ में पता चला कि बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (38) पुत्र निवासी गांव सिमलखेत, थाना चौखुटिया, जनपद चमोली, सवारियों को लेकर सोनप्रयाग, रुद्रप्रयाग से हरिद्वार आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद चालक और दो युवक वाहन की धुलाई करने के लिए गंगा नदी में उतरे थे। इसी दौरान अचानक तेज हुए जलप्रवाह में तीनों वाहन समेत बहने लगे।
रेस्क्यू टीम ने कार्रवाई करते हुए हिमांशु रावत (23), निवासी ग्राम आगर चट्टी, थाना गैरसैंण, जनपद चमोली और राकेश सिंह (28), निवासी जनपद चमोली को बचा लिया। वहीं, चालक पुष्कर सिंह की तलाश जारी है। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।









