हाथरस। जिले के सहपऊ कस्बे के मुख्य बाजार में सोमवार रात अज्ञात कारणों से गोपाल गारमेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी तपिश से दुकान की दीवारों में दरारें पड़ने लगीं। दुकान से उठती आग की लपटों को देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों में भी दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पर पूरी तरह काबू पाए जाने के बाद ही दुकान में हुए नुकसान का आकलन हो सकेगा। मुख्य बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
शोभित कुमार शर्मा
हाथरस उत्तर प्रदेश









